खनिज मंत्री ने विकास पर्व में दी केन नदी पर पुल की सौगात
सुदूर सड़क व अन्य विकास कार्यों का भी किया भूमिपूजन
पन्ना के विकास पर्व पर पन्ना विधानसभा क्षेत्र में कई जनहितैषी विकास कार्यों का लोकार्पण व भूमिपूजन किया है पन्ना को सबसे विकसित विधानसभा बनाएंगे। केन नदी के बिलहरी घाट पर बड़ा पुल बनने से छतरपुर सहित खजुराहो एवं महोबा की दूरी कम होने के साथ ही लोगों का आवागमन आसान होगा। खनिज साधन एवं श्रम मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह ने यह बात ग्राम मझगांय में केन नदी के बिलहरी घाट पर बनने वाले पुल के भूमिपूजन अवसर पर कही। इस मौके पर कलेक्टर संजय कुमार मिश्र सहित सेतु निगम के मुख्य अभियंता, नगर परिषद अजयगढ़ की अध्यक्ष सीता गुप्ता एवं अन्य जनप्रतिनिधि, संबंधित विभाग के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित थे। कैबिनेट मंत्री सिंह ने कहा कि क्षेत्रवासियों को पुल की सौगात मिलने से क्षेत्र के लोगों की पुरानी एवं बहुप्रतीक्षित मांग पूर्ण हो गई है। यह पुल 29 करोड़ रूपए की लागत से 18 माह में बनकर तैयार होगा। उन्होंने कहा कि 60 फुट ऊंचाई का पुल बनाया जाएगा। इससे वर्षाकाल में बाढ़ के बावजूद आवागमन सुलभ होगा। नहरा-नहरी पुल के लिए भी 40 करोड़ रूपए की राशि स्वीकृत हो गई है। अन्य दो बड़े पुल का भूमिपूजन भी शीघ्र किया जाएगा। मंत्री ने कहा कि बेहतर सड़क बनने से गांव का विकास प्रशस्त होगा। इसलिए गांव में सड़क सहित छोटे-छोटे विभिन्न निर्माण कार्य भी करवाए जाएंगे। उन्होंने अवगत करवाया कि मझगांय बांध के निर्माण में वन विभाग की जमीन संबंधी अवरोध को दूर करवाया गया है। 400 एकड़ वन भूमि के बदले 15 करोड़ रूपए का मुआवजा वन विभाग को दिया गया। मझगांय एवं रूंझ बांध के निर्माण के दौरान प्रभावित परिवारों को मुआवजा वितरण के लिए 1200 करोड़ रूपए की राशि स्वीकृत की गई है। इसी तरह खनिज विभाग के मद से अजयगढ़ में अजयपाल भगवान के दर्शन के लिए सड़क व नाली निर्माण के लिए 6 करोड़ रूपए की राशि स्वीकृत की गई है। आगामी दिनों में इसका भी भूमिपूजन होगा। झिन्ना सरकार के दर्शन को आसान बनाने के लिए 12 करोड़ रूपए सड़क निर्माण के लिए स्वीकृत किए गए हैं। उन्होंने कहा कि कई निर्माण कार्योें के दौरान जंगल संबंधी व्यवधान का निराकरण करवाया गया है। जैतूपुर में 220 केव्हीए का सब स्टेशन बनने से अब अजयगढ़ से पन्ना तक बिजली सप्लाई की जाएगी।
कलेक्टर संजय कुमार मिश्र ने कहा कि शासन के निर्देशानुसार 16 जुलाई से 14 अगस्त तक मनाए जाने वाले विकास पर्व में वृहद स्तर पर कई विकास कार्यों का लोकार्पण-शिलान्यास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पुल बनने से लोगों का आवागमन आसान होगा। इस दौरान उपस्थित ग्रामवासियों को शासकीय योजनाओं का लाभ लेने सहित कई जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
WhatsApp