Saturday, October 31, 2026

पन्ना में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, तीन ठिकानों पर छापेमारी कर चार आरोपी गिरफ्तार

 

पन्ना में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, तीन ठिकानों पर छापेमारी कर चार आरोपी गिरफ्तार

पन्ना जिले में अवैध शराब के कारोबार और परिवहन के खिलाफ आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। विभाग की टीम ने तीन अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर चार आरोपियों को पकड़ा है। आरोपियों के कब्जे से 40.86 बल्क लीटर अवैध देशी शराब और शराब परिवहन में इस्तेमाल की जा रही एक मोटरसाइकिल जब्त की गई है। जब्त शराब और मोटरसाइकिल की कुल अनुमानित कीमत करीब 96 हजार 825 रुपये बताई गई है। सभी आरोपियों के खिलाफ मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(1) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।

दरअसल, आबकारी आयुक्त दीपक सक्सेना और पन्ना कलेक्टर हर्ष सिंह के निर्देश पर जिले में अवैध शराब के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में आबकारी उपनिरीक्षक मुकेश पाण्डेय को मुखबिर से सूचना मिली कि मनोर की तरफ से दो व्यक्ति मोटरसाइकिल पर अवैध शराब लेकर पन्ना आ रहे हैं।

सूचना पर टीम ने पीछा कर जंगल में दोनों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से 27 बल्क लीटर देशी शराब बरामद हुई। शराब की कीमत 13 हजार 50 रुपये और मोटरसाइकिल की कीमत करीब 65 हजार रुपये आंकी गई।

इसके अलावा जनकपुर में एक चाय-नाश्ते की दुकान से 35 पाव और ग्राम लक्ष्मीपुर में एक रिहायशी मकान से 42 पाव देशी शराब जब्त की गई।

तीनों कार्रवाई में कुल 188 पाव शराब और एक मोटरसाइकिल जब्त की गई। पकड़े गए आरोपियों में दीपक पटेल, धर्मेंद्र राय, कालीचरण अहिरवार और राकेश अहिरवार शामिल हैं। आबकारी विभाग का कहना है कि अवैध शराब के स्रोतों की जांच की जा रही है और अभियान आगे भी जारी रहेगा।

मुकेश पाण्डेय, आबकारी उपनिरीक्षक, पन्ना



WhatsApp

No comments:

Post a Comment

जनता ने चुना है उनकी सेवा करना मेरा धर्म है _श्री सिंह

जनता ने चुना है उनकी सेवा करना मेरा धर्म है _श्री सिंह पन्ना 29 नवंबर/प्रदेश के खनिज साधन एवं श्रम विभाग मंत्री श्री बृजेंद्र प्रताप सिंह द्...