Saturday, October 24, 2026

केन-बेतवा लिंक परियोजना के मुआवजे पर भड़की सियासत, कलेक्ट्रेट का घेराव

 केन-बेतवा लिंक परियोजना के मुआवजे पर भड़की सियासत, कलेक्ट्रेट का घेराव

विधानसभा में आश्वासन के बाद भी जांच न होने पर भड़के नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, मुख्यमंत्री पर लगाया झूठ बोलने का आरोप

28 दिन से भूख हड़ताल पर बैठे अमित भटनागर के समर्थन में उतरी कांग्रेस, आंदोलन को प्रदेश स्तर पर ले जाने की चेतावनी

पन्ना-केन-बेतवा लिंक परियोजना से प्रभावित आदिवासियों के मुआवजे और पुनर्वास का मुद्दा एक बार फिर गरमा गया है। मुआवजा वितरण में बड़े पैमाने पर हुई गड़बड़ी और विस्थापितों की अनदेखी के खिलाफ कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। पन्ना पहुंचे विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने धरना स्थल पर जाकर प्रभावित परिवारों से मुलाकात की और उनकी हर संभव मदद का आश्वासन दिया। इसके बाद, बड़ी संख्या में पीड़ित आदिवासी महिलाओं और पुरुषों के साथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिला कलेक्ट्रेट का घेराव कर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। नेता प्रतिपक्ष ने चेतावनी दी है कि यदि आदिवासियों की मांगें जल्द पूरी नहीं की गईं, तो यह आंदोलन अब जिला स्तर से निकलकर पूरे प्रदेश स्तर पर शुरू किया जाएगा।
उमंग सिंघार का आरोप: 'मुख्यमंत्री ने सदन में बोला झूठ, अपात्रों को बांट दिया आदिवासियों का हक'
कलेक्ट्रेट घेराव के दौरान पत्रकारों से चर्चा करते हुए नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने सरकार पर सीधे और गंभीर आरोप लगाए। सिंघार ने कहा कि विधानसभा सत्र के दौरान खुद मुख्यमंत्री ने सदन में एक महीने के भीतर इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने का आश्वासन दिया था। इसके बावजूद, हफ्तों बीत जाने के बाद भी धरातल पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। न तो जिम्मेदार अधिकारियों को जांच के निर्देश दिए गए और न ही पीड़ित आदिवासियों से संवाद स्थापित किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जानबूझकर जांच से पीछे भाग रही है क्योंकि मुआवजा वितरण में भारी धांधली हुई है। जिन गरीब आदिवासियों की जमीनें गईं, वे आज भी पाई-पाई के लिए मोहताज हैं, जबकि मिलीभगत करके अपात्र और गलत लोगों को सरकारी खजाने से भुगतान कर दिया गया है।
चंदे के मुद्दे पर घेरा: '44 हजार करोड़ की परियोजना में भ्रष्टाचार, गरीबों के पैसे से बन रही भाजपा की बिल्डिंग'
करीब 40 से 44 हजार करोड़ रुपये की लागत वाली केन-बेतवा लिंक परियोजना का जिक्र करते हुए नेता प्रतिपक्ष ने भाजपा संगठन को भी आड़े हाथों लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि इस महापरियोजना के बीच भाजपा को कथित तौर पर 60 करोड़ रुपये का चंदा मिला है। सिंघार ने तीखा तंज कसते हुए कहा कि आज जो भाजपा की आलीशान इमारतें और बिल्डिंगें खड़ी हो रही हैं, वे असल में इन गरीब आदिवासियों के हक को मारकर जुटाए गए पैसे से बन रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवार पिछले तीन महीनों से अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं और अमित भटनागर पिछले 28 दिनों से आमरण भूख हड़ताल पर बैठे हैं, लेकिन सरकार पूरी तरह संवेदनहीन बनी हुई है। कांग्रेस इस जनविरोधी रवैये और भ्रष्टाचार के मुद्दे को आगामी विधानसभा सत्र में फिर से पूरी ताकत के साथ उठाएगी


WhatsApp

No comments:

Post a Comment

जनता ने चुना है उनकी सेवा करना मेरा धर्म है _श्री सिंह

जनता ने चुना है उनकी सेवा करना मेरा धर्म है _श्री सिंह पन्ना 29 नवंबर/प्रदेश के खनिज साधन एवं श्रम विभाग मंत्री श्री बृजेंद्र प्रताप सिंह द्...